डोंगरगढ़ — छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से किसान, मजदूर और आम जनता त्रस्त हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा धरना-प्रदर्शन किया गया तथा माननीय राज्यपाल महोदय के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ लोधी समाज के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता विष्णु लोधी ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आज किसान खेती छोड़ने को मजबूर है। सहकारी समितियों के माध्यम से दी जाने वाली खाद के दामों में बेतहाशा वृद्धि कर सरकार ने किसानों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने मांग की कि खाद की बढ़ी हुई कीमतों पर तत्काल रोक लगाई जाए और दाम कम किए जाएं।
विष्णु लोधी ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा लगातार बढ़ाई जा रही बिजली दरों ने आम जनता की रसोई और किसानों की सिंचाई दोनों पर सीधा हमला किया है। उन्होंने कहा कि बिजली बिल में की जा रही वृद्धि तुरंत बंद की जाए और कांग्रेस सरकार की तरह प्रदेशवासियों को 400 यूनिट निःशुल्क बिजली का लाभ तत्काल बहाल किया जाए।
उन्होंने धान खरीदी को लेकर कहा कि सरकार की लापरवाही और अव्यवस्था के कारण किसान दर-दर भटक रहा है। धान की खरीदी समय पर नहीं हो रही है, कटौती की जा रही है और किसानों को परेशान किया जा रहा है। धान खरीदी पूरी पारदर्शिता के साथ, बिना कटौती की जाए तथा खरीदी की अवधि बढ़ाई जाए।
विष्णु लोधी ने मनरेगा योजना में किए गए बदलावों को गरीब और ग्रामीण मजदूरों पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार काम की गारंटी, मजदूरी की गारंटी और जवाबदेही से भाग रही है। उन्होंने मनरेगा में किए गए सभी जनविरोधी बदलावों को तत्काल वापस लेने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भाजपा सरकार ने किसानों और मजदूरों की आवाज़ नहीं सुनी, तो कांग्रेस पार्टी सड़कों से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। धरना प्रदर्शन को विधायक हर्षिता बघेल, पूर्व जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष नवाज़ खान,शहर अध्यक्ष हरीश भंडारी, ग्रामीण अध्यक्ष पंच राम चंदेल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुदेश मेश्राम,शिशु पालन भारतीय,पूर्व शहर अध्यक्ष विजय राज सिंह, पूर्व ग्रामीण अध्यक्ष सुरेश सिन्हा,हिरा सोनी, संध्या देशपांडे, कमलेश वर्मा, नरेंद्र वर्मा, ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में विनायक राव,रामजी तराने, इंद्रपाल राजा,हैदर जी,आदि बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Published:
